रूस आकर विदेशी छात्र क्या सीखते-पढ़ते हैं?
बड़ी संख्या में विदेशी छात्र रूस में आकर पढ़ाई करते हैं?
रूसी विश्वविद्यालयों और उच्चशिक्षा संस्थानों में पढ़ने के लिए आने वाले 79.2 प्रतिशत छात्र पूर्व सोवियत संघ से अलग होने वाले देशों यानी कज़ाख़स्तान, तुर्कमेनिस्तान, उक्राइना, बेलारूस आदि देशों के होते हैं। बाक़ी ज़्यादातर छात्र एशिया, अफ़्रीका और पश्चिमी एशिया के होते हैं।
उत्तरी अमरीका, आस्ट्रेलिया और ओशियाना के इलाकों से रूस में पढ़ने के लिए आने वाले छात्रों की संख्या गिनी-चुनी ही होती है।
रूस में स्नातक स्तर की पढ़ाई यानी बी०ए० की पढ़ाई चार साल की होती है और 52.3 प्रतिशत विदेशी छात्र स्नातक स्तर की ही शिक्षा प्राप्त करते हैं। 38 प्रतिशत विदेशी छात्र अपने विषयों के विशेषज्ञ बनने के लिए पाँच वर्ष तक पढ़ाई करते हैं और 9.7 प्रतिशत विदेशी छात्र रूस में स्नातकोत्तर शिक्षा यानी दो वर्ष की एम०ए० की पढ़ाई भी करते हैं।
रूसी विश्वविद्यालय में दाखिला लेने के लिए पाँच क़दम
इनमें से अधिकांश विदेशी छात्र यानी 63 प्रतिशत छात्र पूर्णकालिक कक्षा में पढ़ाई करते हैं। रूस में लगभग 50 प्रतिशत छात्र रूस की सरकार द्वारा दी जाने वाली छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) पाकर पढ़ाई करते हैं। इनमें विदेशी छात्रों की संख्या 31 प्रतिशत होती है। ख़ुद फ़ीस देकर पढ़ने वाले ज़्यादातर छात्र विज्ञान के छात्र होते हैं और वे अक्सर पत्राचार के माध्यम से या अंशकालिक रूप से पढ़ाई करते हैं। या जैसाकि हिन्दी में कहा जाता है, वे प्राइवेट पढ़ाई करते हैं।
विदेशी छात्र रूस में चिकित्सा, इंजीनियरिंग, विज्ञान, भाषाज्ञान, सैन्य-विज्ञान, अन्तरिक्ष विज्ञान, व्यवसाय, व्यावसायिक प्रशासन और संचालन, मानविकी विज्ञान, अर्थशास्त्र आदि विषयों में पढ़ाई करते हैं। कम्प्यूटर विज्ञान और कम्प्यूटर इंजीनियरिंग सीखने के लिए बहुत कम विदेशी छात्र रूस आते हैं। रूस में बड़ी संख्या में विदेशी छात्र वकालत पढ़ने के लिए भी आते हैं, जबकि रूसी कानूनों और उनके देश के कानूनों में बड़ा फ़र्क होता है, फिर भी ये छात्र रूसी कानूनों का ज्ञान प्राप्त करके शायद रूस में ही रहकर वकालत करना चाहते हैं।
सबसे ज़्यादा विदेशी छात्र रूसी जनमैत्री विश्वविद्यालय में पढ़ने के लिए आते हैं। बड़ी संख्या में विदेशी छात्र तोमस्क के पोलिटैक्निक विश्वविद्यालय में भी दाखिला लेते हैं। इसके अलावा मास्को की इवान सेचिनफ़ मेडिकल यूनिवर्सिटी में भी चिकित्सा विज्ञान की शिक्षा पाने वाले विदेशी छात्रों की भरमार है।
इवनोफ़, इवानिन्का, इवानाविच - रूसी कुलनामों का क्या मतलब होता है?